आजमगढ़: बिलरियागंज में नवागत थानाध्यक्ष का एक्शन, सियरहां में 100 वाहनों के चालान
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में नवागत थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र की यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। उन्होंने हमराह पुलिस बल के साथ क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।भ्रमण के दौरान सड़क किनारे दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई। थानाध्यक्ष ने दुकानदारों से सड़क पर दुकान न लगाने और यातायात व्यवस्था प्रभावित न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण से जाम की स्थिति बनती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है।वहीं, 19 सितंबर को सियरहां बाजार में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट, आवश्यक कागजात न होने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर करीब 100 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस की कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।चेकिंग के दौरान थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हेलमेट वाहन चालक की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें।पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।








