आजमगढ़: सदर रजिस्ट्री ऑफिस में मारपीट के वायरल वीडियो मामले में नया मोड़, पिता ने बेटे के आरोपों का किया खंडन
आजमगढ़। सदर रजिस्ट्री ऑफिस में कुछ दिन पूर्व मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद सामने आए आरोपों के मामले में नया मोड़ सामने आया है। आरोप लगाने वाले बजरंगी गोंड के पिता शंकर राम गोंड ने मीडिया के सामने आकर अपने बेटे द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन किया है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सुराई गांव निवासी शंकर राम गोंड ने बताया कि उनका न तो अपहरण हुआ और न ही उन्हें जबरन कहीं ले जाया गया। उनके मुताबिक, उन्होंने अपनी इच्छा और पारिवारिक सहमति से अपनी जमीन का बैनामा किया है।\\शंकर राम गोंड ने बताया कि उन्होंने गांव के ही एक व्यक्ति को 54 कड़ी आबादी की जमीन बेची है। उन्होंने कहा कि वह हृदय रोग और माउथ कैंसर से पीड़ित हैं और इलाज के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी वजह से उन्होंने जमीन बेचने का निर्णय लिया।उन्होंने बताया कि बैनामे के लिए वह स्वयं रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचे थे। इसी दौरान उनके पुत्र बजरंगी गोंड ने पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद किया। शंकर राम गोंड के अनुसार, बेटे की मांग थी कि जमीन बिक्री की रकम उसके खाते में भेजी जाए, जबकि उन्होंने इलाज के लिए स्वयं जमीन बेचने की बात कही।उन्होंने यह भी बताया कि विवाद के दौरान उनका पर्स, एटीएम कार्ड और पैन कार्ड उनकी जेब से निकाल लिया गया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन का सौदा उन्होंने किसी दबाव में नहीं किया था।शंकर राम गोंड ने अपहरण के आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें जमीन का पूरा भुगतान मिल चुका है और उन्होंने अपनी इच्छा से बैनामा किया है। उनका कहना है कि वायरल वीडियो के कारण मामले को अलग रूप दिया जा रहा है।उन्होंने प्रशासन से मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई न करने और उनके पुत्र द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत मानते हुए प्रकरण को समाप्त करने की मांग की है।








