बसपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, ईशान आनंद को मिली राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी में बुधवार को बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया गया। पार्टी प्रमुख मायावती ने लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को बसपा का नया राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया। यह जिम्मेदारी पहले उनके बड़े भाई आकाश आनंद के पास थी। आकाश आनंद को हाल ही में पार्टी की जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया था ईशान आनंद की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब बसपा संगठन को आगामी चुनावों के लिए तैयार करने में जुटी है। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और विभिन्न राज्यों के संगठन से जुड़े नेता मौजूद रहे। ईशान बैठक में अपने पिता और बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार के साथ पहुंचे थे।
ईशान आनंद कानून की पढ़ाई कर चुके हैं और एलएलएम की डिग्री हासिल की है। पिछले कुछ समय में उन्हें पार्टी संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां भी दी गई थीं। अब राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने के बाद उनकी भूमिका पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में और महत्वपूर्ण हो गई है बैठक के दौरान मायावती ने परिवारवाद को लेकर बसपा के संस्थापक कांशीराम के सिद्धांतों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि परिवार का कोई सदस्य संगठन में काम कर सकता है, लेकिन व्यक्तिगत लाभ के लिए पद का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। पार्टी की ओर से ईशान को दी गई जिम्मेदारी को इसी संगठनात्मक संदर्भ में बताया गया है |
जिम्मेदारी मिलने के बाद ईशान आनंद ने मायावती का आभार जताया और पार्टी के काम को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह मायावती के बताए रास्ते पर चलते हुए संगठन के लिए काम करेंगे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने को कहा। बसपा ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी संगठनात्मक तैयारियां जारी रखने की बात कही है। इस तरह ईशान आनंद को राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी मिलना बसपा के मौजूदा संगठनात्मक बदलावों की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।








