आजमगढ़! एसएसपी ने जनसुनवाई में सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें और समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी पुलिस कार्यालय किरणपाल सिंह और क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश कुमार पाण्डेय भी मौजूद रहे।
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका प्रभावी समाधान कराया जाए। उन्होंने निस्तारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने पर जोर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए जनसुनवाई की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।








