आजमगढ़, हरिऔध कला केंद्र में प्रधानाचार्य बैठक एवं कार्यशाला आयोजित, ‘नवांकुर पत्रिका’ का विमोचन

आजमगढ़। भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में सोमवार को हरिऔध कला केंद्र, आजमगढ़ में “प्रधानाचार्य बैठक एवं कार्यशाला तथा नवांकुर पत्रिका” विमोचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने की।

कार्यशाला में जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों ने प्रतिभाग किया इस दौरान विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा स्काउट-गाइड गतिविधियों को बढ़ावा देने सहित शिक्षा के क्षेत्र में नए आयामों पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करना भी है उन्होंने प्रधानाचार्यों से विद्यालयों में रचनात्मक एवं नवाचार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान ‘नवांकुर पत्रिका’ का विमोचन भी किया गया। पत्रिका के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और स्काउट-गाइड से जुड़ी गतिविधियों को सामने लाने का प्रयास किया गया है।

कार्यशाला में उपस्थित शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों ने शिक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।








