best news portal development company in india

स्कूल जाने की बात कहकर निकला छात्र, दोस्त के ननिहाल जाते समय हादसे में मौत

SHARE:

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार हाईस्कूल छात्र की मौत, दो साथी गंभीर घायल

अतरौलिया, आजमगढ़। रामनगर-न्योरी मुख्य मार्ग पर गोहनरपुर के पास सोमवार को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार हाईस्कूल छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में लेकर आलापुर कोतवाली में खड़ा करा दिया है।

अचलीपुर गांव निवासी मुन्ना पांडेय का पुत्र अंकुर पांडेय अतरौलिया स्थित पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। परिजनों के अनुसार सोमवार को वह घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकला था। बताया गया कि बाद में वह अपने साथी प्रवेश पांडेय पुत्र संतोष पांडेय निवासी अचलीपुर और आजम अली पुत्र कौशर अली निवासी गोरथानी के साथ स्प्लेंडर बाइक से आलापुर थाना क्षेत्र के लखमीपुर स्थित प्रवेश के ननिहाल जा रहा था।

तीनों गोहनरपुर के पास रामनगर-न्योरी मुख्य मार्ग पर पहुंचे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में अंकुर पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रवेश पांडेय और आजम अली गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अंकुर की मौत की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटे की मौत से मां मनोजा पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता मुन्ना पांडेय खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अंकुर दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई अंकुश और बड़ी बहन दीक्षा भी पढ़ाई कर रहे हैं। छात्र की मौत से अचलीपुर गांव में शोक की लहर है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई