सिधारी पुलिस ने गेलवारा अंडरपास के पास की कार्रवाई, जौनपुर निवासी मकान मालिक ने दर्ज कराया था मुकदमा
आजमगढ़। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से बिजली की वायरिंग का तार चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4.860 किलोग्राम जला हुआ कॉपर वायर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, जौनपुर जनपद के मछलीशहर थाना क्षेत्र के बसदुआ गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद ने 28 सितंबर 2026 को थाना सिधारी में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि आजमगढ़ के गेलवारा गांव में उनका मकान निर्माणाधीन है, जहां 11 सितंबर से बिजली की वायरिंग का काम कराया जा रहा था। 28 सितंबर को मकान पर पहुंचने पर बिजली वायरिंग का तार गायब मिला।शिकायत के आधार पर सिधारी थाने में मुकदमा संख्या 398/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) में अज्ञात के विरुद्ध चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने विवेचना के दौरान मामले की जांच शुरू की।
गेलवारा अंडरपास के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को उपनिरीक्षक धर्मराज यादव पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए गेलवारा अंडरपास के पास पहुंचे, जहां से मामले में कथित रूप से संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान रोशन (20 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय प्रभुनाथ और अमित कुमार उर्फ डिम्पल (23 वर्ष), पुत्र सुभाष, निवासी जाफरपुर, थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.860 किलोग्राम जला हुआ कॉपर वायर बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
कार्रवाई में उपनिरीक्षक धर्मराज यादव, कांस्टेबल अजीत कुमार सिंह और कांस्टेबल विनोद कुमार यादव शामिल रहे।








