पीडीए जनसभा में विधायक ने सरकार पर साधा निशाना

अतरौलिया। विकासखंड अतरौलिया के रिठिया गांव में विधायक निधि से निर्मित 200 मीटर लंबी सीसी सड़क का विधायक डॉ. संग्राम यादव ने लोकार्पण किया। 16.71 लाख रुपये की लागत से बनी यह सड़क रामकरन प्रजापति के घर से विमल कुमार के घर तक बनाई गई है। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सड़क का उद्घाटन गांव की बेटियों ने फीता काटकर किया। इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बड़े बाबू रमेश ने की और संचालन जयप्रकाश यादव ने किया। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संग्राम यादव तथा विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव रहे। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चियों की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।

लोकार्पण के बाद आयोजित पीडीए जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि क्षेत्र का विकास और हर वर्ग को सम्मान दिलाना उनका मुख्य संकल्प है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर प्राथमिक विद्यालयों को बंद किए जाने, 69 हजार शिक्षक भर्ती, लेखपाल भर्ती में आरक्षण, महंगाई और कानून व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों में भी अनियमितता का आरोप लगाया।
अतरौलिया के उपखंड अधिकारी को हटाने के मुद्दे पर पंचायती राज मंत्री के प्रस्तावित धरने का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि मंत्री बड़े नेता हैं और वह उनके बारे में कुछ नहीं कहना चाहते। उन्होंने कहा कि जनता के सामने सब कुछ है और आने वाले समय में जनता अपने मताधिकार के जरिए जवाब देगी।
विधायक ने कहा कि पीडीए समाज अपने अधिकारों को लेकर लामबंद है और संविधान व लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएगा। राज्यसभा नामांकन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि देश की जनता और मीडिया की निगाहें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर हैं। उन्होंने लोगों से संविधान में मिले मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने कहा कि अतरौलिया ब्लॉक के गांवों को एक्सप्रेसवे और मुख्य मार्गों से जोड़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अतरौलिया क्षेत्र के लोगों से समाजवादी परिवार का पारिवारिक रिश्ता है और सपा की सरकार बनने पर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान मौजूद लोगों ने हाथ उठाकर उनके संकल्प का समर्थन किया।
कार्यक्रम में सुभाष चंद्र जायसवाल, चंद्रजीत यादव, कन्हैया गौड़, राधेश्याम यादव, लछिराम वर्मा, संजय मौर्य, हरिराम बागी, मस्तराम मौर्य, हरिवंश वर्मा, पूर्व प्रधान राम आधार, रामवृक्ष वर्मा, जगदीश यादव, रामचंद्र, सुधीर यादव, गिरिजा शंकर प्रजापति, राम रूप, विश्वनाथ यादव गुड्डू और गिरीश मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।








