best news portal development company in india

झाड़ियों की चपेट में लखनऊ-आजमगढ़-बलिया मार्ग, हादसों का बढ़ा खतरा !

SHARE:

फुटपाथ के बाद सड़क तक फैली झाड़ियां, राहगीरों और बाइक सवारों को हो रही परेशानी

फूलपुर, आजमगढ़। बारिश का मौसम बीतने के बाद जहां सड़कों की साफ-सफाई और रखरखाव की जरूरत बढ़ जाती है, वहीं उप्र राज्य मार्ग-34 के कई हिस्सों में सड़क किनारे उगी झाड़ियों ने राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। लखनऊ-आजमगढ़-बलिया मार्ग के नाम से पहचाने जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर फूलपुर, सरायमीर और आजमगढ़ के बीच कई स्थानों पर झाड़ियां फुटपाथ को पूरी तरह ढकने के बाद सड़क की ओर तक फैल गई हैं।


लखनऊ से शुरू होकर सुल्तानपुर, आजमगढ़ और मऊ होते हुए बलिया तक जाने वाला यह मार्ग पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है। इसकी लंबाई करीब 315.98 किलोमीटर बताई जाती है। मार्ग के कई हिस्सों का संपर्क राष्ट्रीय राजमार्गों और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे नेटवर्क से होने के कारण इसका आवागमन की दृष्टि से भी विशेष महत्व है। इसके बावजूद सड़क किनारे उगी झाड़ियों की नियमित कटाई और सफाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि झाड़ियों के कारण कई स्थानों पर फुटपाथ पूरी तरह गायब हो गया है। पैदल चलने वालों को मजबूरी में सड़क पर चलना पड़ता है। वहीं सड़क के किनारे तक फैली झाड़ियों के बीच से अचानक मवेशियों के सड़क पर आ जाने से वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

लोगों के मुताबिक कई स्थानों पर बाइक सवार झाड़ियों से टकराकर असंतुलित होकर गिर चुके हैं। कुछ मामलों में चेहरे और आंखों तक में चोट लगने की बात भी सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे झाड़ियों की नियमित कटाई और सफाई होने से ऐसी घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।

आजमगढ़ से सरायमीर, फूलपुर होते हुए शाहगंज की ओर जाने वाले हिस्से में स्थिति अधिक खराब होने की शिकायत की जा रही है। लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग होने के बावजूद सड़क किनारे उगी झाड़ियों की ओर संबंधित विभाग का पर्याप्त ध्यान नहीं है।

स्थानीय नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़क के दोनों किनारों की झाड़ियों की तत्काल कटाई, फुटपाथ की सफाई और नियमित रखरखाव की मांग की है, ताकि पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई