ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक की मौत, चालक फरार
फरिहा, आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, थाना निजामाबाद क्षेत्र के ग्राम चकिया हुसैनाबाद निवासी असद (22) पुत्र स्वर्गीय नसीम शनिवार को करीब साढ़े 11 बजे फरिहा बाजार से साइकिल पर चोकर लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उसकी साइकिल में टक्कर मारते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में असद की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही निजामाबाद थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








