16 मोबाइल, लैपटॉप, 3 सिमकार्ड और नकदी बरामद; VoIP कॉलिंग के जरिए कमीशन कमाने का आरोप
आजमगढ़, 03 अक्टूबर 2026। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना सरायमीर पुलिस और साइबर सेल आजमगढ़ की संयुक्त टीम ने अंतरराष्ट्रीय कॉलिंग के जरिए टेलीकॉम राजस्व में कथित धोखाधड़ी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 16 मोबाइल फोन, एक डेल कंपनी का लैपटॉप, तीन खुले सिम कार्ड और 4,690 रुपये नकद बरामद हुए हैं।पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 02 अक्टूबर 2026 को संजरपुर क्षेत्र में की गई। संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संजरपुर बाजार से करीब 200 मीटर आगे पोखरे के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से उपरोक्त सामान बरामद हुआ।

VoIP कॉलिंग के जरिए कमाई का आरोप
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अपने एक साथी जीशान के साथ मिलकर International Premium Rate Numbers (IPRN) पर इंटरनेट कॉलिंग यानी VoIP के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय कॉल करने और कराने की बात स्वीकार की पुलिस का कहना है कि इन कॉलों को विभिन्न टोल-फ्री नंबरों से कनेक्ट कर अधिक समय तक सक्रिय रखा जाता था। इससे प्रति मिनट के आधार पर राजस्व उत्पन्न होता था और आरोपियों को उसमें से कमीशन मिलने की बात सामने आई है जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन और लैपटॉप में कुछ वेबसाइटों से संबंधित लॉगिन आईडी और पासवर्ड भी मिले, जिनके माध्यम से कॉल रूटिंग और कॉल बाईपास किए जाने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

व्हाट्सऐप-टेलीग्राम से मिलते थे प्रीमियम नंबर
पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों को व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के माध्यम से प्रीमियम नंबर और कॉल रूट उपलब्ध कराए जाते थे। इस गतिविधि से प्राप्त धनराशि को आपस में बांटने और कुछ लेनदेन USDT/क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से किए जाने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।
दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. ताबिश पुत्र जोरार अहमद, निवासी खुदादादपुर, थाना निजामाबाद, उम्र करीब 41 वर्ष और सलीम अहमद पुत्र जावेद अख्तर, निवासी खरेवां, थाना सरायमीर, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 247/2026, धारा 318(4), 319, 111, 317(2) बीएनएस एवं 66C/66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के बताए गए साथी जीशान की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बरामद सामान
– 16 मोबाइल फोन
– 1 डेल कंपनी का लैपटॉप
– 3 खुले सिम कार्ड
– 4,690 रुपये नकद
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन और अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में की गई।








