साइबर फ्रॉड के बाद पुलिस की तत्परता से पीड़ित को मिले ₹5 हजार वापस
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में साइबर फ्रॉड के मामले में पुलिस की तत्परता से पीड़ित के खाते में 5,000 रुपये वापस कराए गए। पुलिस के अनुसार पीड़ित के खाते से साइबर ठगी के जरिए कुल 1,15,090 रुपये निकाल लिए गए थे।
जानकारी के अनुसार जगदीश भारती पुत्र गोपाल भारती, निवासी थाना रौनापार, का मोबाइल फोन 13 अप्रैल 2026 को दिल्ली में चोरी हो गया था। 17 अप्रैल को गांव लौटने के बाद उन्होंने नया सिम प्राप्त किया। सिम चालू होने के कुछ समय बाद उनके बैंक खाते से साइबर फ्रॉड के माध्यम से 1,15,090 रुपये निकाल लिए गए।
पीड़ित ने 18 अप्रैल को थाना रौनापार में साइबर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद साइबर टीम आजमगढ़ ने संबंधित बैंकों से मेल और फोन के माध्यम से समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई के चलते ठगी की रकम में से 95,653.61 रुपये विभिन्न खातों में होल्ड कराए गए। इनमें से 5,000 रुपये MRM पोर्टल के माध्यम से 2 अक्टूबर 2026 को पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक शेष होल्ड धनराशि को भी संबंधित प्रक्रिया पूरी होने और MRM पोर्टल पर अपडेट प्राप्त होने के बाद पीड़ित के खाते में वापस कराने की कार्रवाई जारी है।








