आजमगढ़ पुलिस लाइंस में SJPU व एएचटी की मासिक समीक्षा बैठक, बाल संरक्षण और महिला सुरक्षा पर दिए निर्देश
आजमगढ़। पुलिस लाइंस स्थित सभागार में बुधवार को विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) एवं थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

गोष्ठी में चिकित्सा विभाग, अभियोजन शाखा, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, जीआरपी, आरपीएफ समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। इसके अलावा जनपद के सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी, एएचटी/SJPU के प्रभारी व कर्मचारी तथा महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान बाल संरक्षण, किशोर न्याय और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों ने विवेचना के दौरान आने वाली समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा, जिनके समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बाल कल्याण अधिकार, अभियुक्त एवं पीड़िता की आयु निर्धारण तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015 के प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की।
क्षेत्राधिकारी सदर ने सभी संबंधित अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए बाल संरक्षण एवं महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








