आजमगढ़। रानी की सराय के कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को ठगी से बचने के बताए तरीके
आजमगढ़। नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस माह के तहत शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को थाना साइबर क्राइम पुलिस ने रानी की सराय स्थित नेशनल जुबली इंटर कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके बताए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, नकली एप, सोशल मीडिया फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन, गिफ्ट और लॉटरी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी तथा म्यूल अकाउंट जैसे साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक किया।
पुलिस ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल के प्रति सतर्क रहें। जागरूकता बढ़ाने के लिए पंपलेट वितरित किए गए और लाउडहेलर के माध्यम से प्रचार-प्रसार भी किया गया।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या वापस कराने की संभावना बढ़ सकती है।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक शिवकुमार उपाध्याय सहित थाना साइबर क्राइम की पुलिस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।








