बालिका वर्ग में वाराणसी मंडल प्रथम, आजमगढ़ की जाह्नवी कसौरा ने हासिल किया दूसरा स्थान
आजमगढ़। शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज में गुरुवार को 70वीं प्रदेशीय विद्यालयी योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों के कुल 483 बालक-बालिकाएं प्रतिभाग कर रहे हैं। पहले दिन बालिका वर्ग की प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए, जिसमें वाराणसी मंडल ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल की जाह्नवी कसौरा ने दूसरा स्थान प्राप्त कर मंडल का गौरव बढ़ाया, जबकि सहारनपुर की अंशिका भारती तीसरे स्थान पर रहीं। आगरा की परवखी को चौथा और बस्ती की चांदनी को पांचवां स्थान मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ मंडल राजेश कुमार आर्य ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ योग को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। योग से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। इसके माध्यम से विद्यार्थी अपने करियर को भी आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज खेलकूद जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अम्ब्रेन कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने अनीता यादव के मार्गदर्शन में सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
मंडलीय क्रीड़ा सचिव दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में 18 मंडलों के साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के कुल 483 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें 235 बालिकाएं और 248 बालक शामिल हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 81 कोच और प्रबंधक भी पहुंचे हैं। निर्णायक की भूमिका निभाने के लिए 25 सदस्यीय निर्णायक दल का गठन किया गया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों के चयन के उद्देश्य से डॉ. भीमराव आंबेडकर राज्य विद्यालयीय क्रीड़ा संस्थान की नौ सदस्यीय चयन समिति भी पहुंची है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रणधीर सिंह, प्रवीण सिंह, एसपी मिश्रा, रामजनम दुबे, रमेश सिंह, विजय कुमार, सतीश श्रीवास्तव और प्रियंका सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








