तहबरपुर में बाइक और वैगनआर कार की टक्कर में हुआ था हादसा, पकड़े गए व्यक्ति को छोड़ने के आरोप पर भड़के ग्रामीण
आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के चिरावल गांव के पास बाइक और वैगनआर कार की टक्कर में गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय शिवम पाल की लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में उपचार के दौरान मौत हो गई। रविवार सुबह युवक का शव तहबरपुर पहुंचने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने टीकापुर तिराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और हादसे के बाद पकड़े गए व्यक्ति को छोड़ने का आरोप लगाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।
बाइक और कार की टक्कर में दो युवक हुए थे घायल
जानकारी के अनुसार, तहबरपुर थाना क्षेत्र के चिरावल गांव निवासी शिवम पाल पुत्र जियालाल पाल 8 अक्टूबर की रात कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हरैया गांव में निमंत्रण में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब नौ से दस बजे के बीच चिरावल गांव के पास उनकी बाइक की पूरब दिशा से जा रही वैगनआर कार से टक्कर हो गई। हादसे में शिवम पाल और बाइक पर सवार नितिन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। नितिन यादव की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं, शिवम पाल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था। केजीएमयू में उपचार के दौरान शिवम ने दम तोड़ दिया।
पकड़े गए व्यक्ति को छोड़ने का आरोप
बताया जाता है कि हादसे के समय वैगनआर कार में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद दो लोग मौके से फरार हो गए, जबकि तीसरा व्यक्ति झाड़ियों में छिप गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। आरोप है कि बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।
अधिकारियों के समझाने पर समाप्त हुआ जाम
रविवार सुबह शिवम का शव एंबुलेंस से तहबरपुर पहुंचा तो आक्रोशित ग्रामीणों ने टीकापुर तिराहे पर शव रखकर आवागमन रोक दिया। चक्काजाम की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष आदित्य सिंह, कप्तानगंज पुलिस, निजामाबाद के तहसीलदार और बूढ़नपुर के क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया जा सका और यातायात बहाल हुआ।
बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है। नितिन यादव तहबरपुर में अपने मामा के मेडिकल हाल पर रहता था। वहीं, मृतक शिवम पाल के पिता जियालाल पाल पैरालिसिस से पीड़ित हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। ऐसे में बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।








