आजमगढ़। रेलवे कर्मचारी बनकर की गई थी ₹30 हजार की साइबर ठगी, फूलपुर साइबर हेल्पडेस्क ने पीड़िता को लौटाए ₹7,098
फूलपुर, आजमगढ़। साइबर धोखाधड़ी की शिकार महिला को राहत दिलाते हुए थाना फूलपुर की साइबर हेल्पडेस्क ने उसके खाते में ₹7,098 की धनराशि वापस कराई है। पीड़िता के साथ रेलवे विभाग का कर्मचारी बनकर ट्रेन में खाना ऑर्डर करने के नाम पर धोखाधड़ी की गई थी। इस मामले में महिला के बैंक खाते से कुल ₹30,000 निकाल लिए गए थे।
पुलिस के अनुसार, फूलपुर थाना क्षेत्र के उदपुर गांव निवासी पुष्पा यादव पत्नी महेंद्र कुमार यादव के साथ 17 जून 2026 को साइबर ठगी की घटना हुई थी। ठग ने खुद को आईआरसीटीसी/रेलवे विभाग का कर्मचारी बताकर ट्रेन में खाना ऑर्डर करने के नाम पर महिला को झांसे में लिया। इसके बाद उनके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से ₹30,000 की रकम निकाल ली गई।
1930 हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी शिकायत
ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 33106260140853 के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू की गई।
बैंक से समन्वय कर वापस कराई गई रकम
थाना फूलपुर की साइबर हेल्पडेस्क ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए संबंधित खाते को होल्ड कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाई। इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंक के नोडल अधिकारी से ई-मेल और फोन के जरिए संपर्क कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस के प्रयासों के बाद पीड़िता के खाते में ₹7,098 की धनराशि वापस कराई गई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दयानंद और महिला मुख्य आरक्षी पूजा पांडेय शामिल रहीं।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन ठगी होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा आधिकारिक वेबसाइट https://cybercrime.gov.in/ के माध्यम से भी शिकायत की जा सकती है। समय रहते शिकायत करने से धनराशि को रोकने और वापस कराने की संभावना बढ़ सकती है।








