नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस माह के तहत सोनवारा मोड़ पर पुलिस ने चलाया अभियान, ठगी होने पर 1930 पर कॉल करने की अपील
आजमगढ़, 14 अक्टूबर 2026। नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस माह (NCSAM) के अंतर्गत थाना साइबर क्राइम आजमगढ़ की टीम ने रानी की सराय स्थित सोनवारा मोड़ पर साइबर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान बजाज ऑटो सर्विस मोटर मैकेनिक जनपद यूनियन संघ के सदस्यों और आमजन को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए।
डिजिटल अरेस्ट और फर्जी लिंक से सतर्क रहने की सलाह
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में क्षेत्राधिकारी अपराध कौस्तुभ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लोगों को जागरूक किया।
पुलिसकर्मियों ने लाउडहेलर से प्रचार-प्रसार किया और पंपलेट वितरित किए। लोगों को बताया गया कि साइबर अपराधी खुद को पुलिस, सीबीआई या साइबर क्राइम अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर धनराशि मांग सकते हैं। इसके अलावा फर्जी ऐप डाउनलोड कराने, संदिग्ध लिंक भेजने, गिफ्ट या लॉटरी का लालच देने और सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती कर ठगी करने जैसे तरीकों से भी सावधान रहने की अपील की गई।
सोशल मीडिया फिशिंग और म्यूल अकाउंट के प्रति किया जागरूक
अभियान के दौरान फर्जी सोशल मीडिया सपोर्ट अकाउंट, संदिग्ध लॉगिन लिंक और जल्दबाजी में कार्रवाई करने के लिए भेजे जाने वाले संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने म्यूल अकाउंट यानी दूसरों की ठगी की रकम प्राप्त करने या ट्रांसफर करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बैंक खातों के बारे में भी जानकारी दी। लोगों को अनजान व्यक्तियों के कहने पर अपने बैंक खाते का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई।
सेक्सटॉर्शन से बचने के बताए उपाय
पुलिस टीम ने सेक्सटॉर्शन के तरीकों के बारे में बताते हुए कहा कि साइबर अपराधी फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज सकते हैं। इसके बाद वीडियो कॉल के दौरान अश्लील सामग्री दिखाकर स्क्रीन रिकॉर्डिंग की जाती है और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे मांगे जाते हैं।
ऐसी घटनाओं से बचने के लिए अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने, अज्ञात नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल से सतर्क रहने और ब्लैकमेलिंग होने पर घबराकर पैसे नहीं देने की सलाह दी गई। पुलिस ने ऐसी स्थिति में तत्काल सूचना देने का आग्रह किया।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
आजमगढ़ पुलिस ने अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की धनराशि को रोकने और वापस कराने की संभावना बढ़ सकती है।
पुलिस टीम रही मौजूद
अभियान में उपनिरीक्षक शिवकुमार उपाध्याय, हेड कांस्टेबल कल्लू प्रसाद, हेड कांस्टेबल सुखनन्दन सिंह, कांस्टेबल विशाल यादव, कांस्टेबल मुकेश भारती, महिला कांस्टेबल संज्ञा देवी और महिला कांस्टेबल हसीना खातून शामिल रहीं।








