अहरौला के फूलवरिया टोल प्लाजा के पास हादसा, घायलों को सीएचसी में कराया गया भर्ती
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के फूलवरिया टोल प्लाजा के पास रविवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दंपती समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची यूपी-112 की टीम ने सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली के पालम अपार्टमेंट फ्लैट नंबर 302 निवासी 45 वर्षीय कुंदन कुमार झा दो दिन पहले अपनी पत्नी सरिता (42), बेटे कुश (9) और वेद (6) के साथ पटना स्थित अपने घर गए थे। रविवार सुबह वह अपने परिवार और मित्र अमित (42) के साथ कार से दिल्ली लौट रहे थे। कार कुंदन कुमार चला रहे थे। इसी दौरान फूलवरिया टोल प्लाजा के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे यूपी-112 के राहतकर्मियों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
यूपी-112 के कर्मचारी धनेश प्रसाद के अनुसार, चिकित्सकों ने घायलों को हल्की एमएम चोटें आने की जानकारी दी। वहीं, सीएचसी प्रभारी शिव कुमार यादव ने बताया कि घायलों की चोटें गंभीर नहीं थीं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।








