best news portal development company in india

खड़गे के बयान पर भाजपा का प्रदर्शन, राजनाथ बोले—कांग्रेस का वैचारिक पतन, जनता देगी जवाब !

SHARE:

खड़गे के बयान पर भाजपा का प्रदर्शन, राजनाथ बोले—कांग्रेस का वैचारिक पतन, जनता देगी जवाब

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विवादित टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को देशभर में प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खड़गे के बयान की निंदा करते हुए कांग्रेस नेतृत्व से माफी मांगने की मांग की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस टिप्पणी को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे भारतीय राजनीति की गरिमा को ठेस पहुंची है और कांग्रेस का वैचारिक पतन उजागर हुआ है।

राजनाथ सिंह ने जताई नाराजगी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी किसी सामान्य कार्यकर्ता या युवा नेता की ओर से नहीं, बल्कि देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टियों में से एक के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से की गई है। उनके मुताबिक, इस तरह की भाषा राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अपनी गलती स्वीकार करने और खेद जताने के बजाय बयान को सही ठहराने की कोशिश कर रही है।

पटना में दिया था विवादित बयान

विवाद की शुरुआत बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम के दौरान हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में एक व्यक्ति ने टिप्पणी की कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे। इसके जवाब में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था, “मोदी का बाप भी जाएगा।” इस बयान को लेकर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करार दिया।

दिल्ली से बिहार तक विरोध-प्रदर्शन

दिल्ली में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजाजी मार्ग स्थित खड़गे के आवास के पास प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। सेना भवन सर्किल से उनके आवास की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोक दिया बिहार में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और समर्थकों ने पटना स्थित भाजपा मुख्यालय से डाक बंगला चौराहे तक जनाक्रोश मार्च निकाला और खड़गे का पुतला फूंका।जम्मू में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डोगरा चौक पर प्रदर्शन किया। सांबा, कठुआ, पुंछ, उधमपुर, राजौरी, डोडा, किश्तवाड़ और रियासी जिलों में भी विरोध-प्रदर्शन और सभाएं आयोजित की गईं।

कर्नाटक में भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया गया

बेंगलुरु में विरोध-प्रदर्शन के दौरान कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष नारायणस्वामी समेत कई भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया गया उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और तेलंगाना सहित देश के अन्य हिस्सों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। झारखंड में भाजपा नेताओं ने रांची स्थित कांग्रेस कार्यालय तक मार्च निकालकर नारेबाजी की।

लखनऊ में भी निकाला गया मार्च

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भाजपा उपाध्यक्ष नीरज सिंह समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व राज्यपाल लालजी टंडन की प्रतिमा से हजरतगंज चौराहे तक मार्च निकाला। भाजपा नेताओं ने खड़गे की टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से माफी की मांग की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस तरह के बयान से देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई