मुबारकपुर पुलिस ने गुजरपार गांव से की गिरफ्तारी, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डालने का है आरोप।
मुबारकपुर, आजमगढ़। आजमगढ़ के थाना मुबारकपुर पुलिस ने गुजरपार बाजार में मुख्य मार्ग जाम करने, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और पथराव करने के मामले में तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 27 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10:55 बजे ग्राम गुजरपार स्थित उनके घरों से गिरफ्तारी की।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गोविन्द (30), विजय कुमार (28) और नागेन्द्र यादव (35), निवासी ग्राम गुजरपार, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को गुजरपार बाजार में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई थीं। दुर्घटना के बाद कुछ लोग गुजरपार बाजार चौराहे पर एकत्र होकर मुबारकपुर-जीयनपुर मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन करने लगे।
आरोप है कि पुलिस द्वारा समझाने-बुझाने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और ईंट-पत्थरबाजी की। इससे सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और एम्बुलेंस, बसों तथा अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
इस मामले में थाना मुबारकपुर में मुकदमा संख्या 369/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और धारा 7 सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप वाजपेयी, कांस्टेबल शिवकुमार चौहान और कांस्टेबल प्रभात भारती शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








