तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत लगाने का आह्वान, बोले- नाराजगी छोड़िए, संगठन के लिए जुटिए और 2027 में कमल खिलाइए
लखनऊ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लगातार तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। शाह ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सरकार के कामकाज के भरोसे नहीं जीता जाएगा, इसके लिए कार्यकर्ताओं को भी अपनी पूरी ताकत लगानी होगी।
लखनऊ में डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चुनावी तैयारियों का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपनी नाराजगी और आपसी मतभेद भुलाकर संगठन की मजबूती के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए अभी से जुटना होगा।
कार्यकर्ताओं से बोले- आवाज कम क्यों है, ठंड अभी बढ़ी नहीं है
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा, ‘बोलिए भारत माता की जय, आवाज कम क्यों है, ठंड बढ़ी नहीं है अभी। लगातार तीसरी बार सरकार बनानी है। विजय संकल्प की मुट्ठी भींचिए उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें भाजपा का मालिक बताया और कहा कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ता ही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से श्रम, अवसाद और नाराजगी को गोमती नदी में डालकर एकजुट होकर तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
सरकार बनने पर लागू होगी समान नागरिक संहिता
अमित शाह ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया उन्होंने कहा कि चुनाव में केवल सरकार की उपलब्धियां ही जीत की गारंटी नहीं होंगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत लगानी होगी और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा।
योगी सरकार की तारीफ, अपराधमुक्त प्रदेश में निवेश का जिक्र
केंद्रीय गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कठोर शासन से उत्तर प्रदेश अपराधमुक्त हुआ है और प्रदेश में निवेश का माहौल बना है। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हुए बदलावों की सराहना करते हुए सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
अमित शाह ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए मुलायम सिंह यादव के शासनकाल की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं, जिसे तीसरी पीढ़ी भी कभी नहीं भूलेगी। उन्होंने राहुल गांधी के बयानों पर भी पलटवार करने की बात कही और कार्यकर्ताओं से विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने का आह्वान किया।
शाह ने दिया चुनावी मंत्र
अमित शाह का संदेश स्पष्ट था कि भाजपा कार्यकर्ताओं को आपसी नाराजगी छोड़कर संगठन को मजबूत करने में जुटना होगा। उन्होंने कहा कि 2027 में कमल खिलाने के लिए अभी से मैदान में उतरना जरूरी है। बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, सरकार की उपलब्धियों का प्रचार और जनता के बीच सक्रियता चुनावी सफलता के लिए अहम होगी बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मौजूद रहे।








