best news portal development company in india

आजमगढ़ में युवा नीति संवाद का आयोजन, 500 से अधिक युवाओं ने रोजगार, कौशल विकास और युवा आयोग पर रखे सुझाव

SHARE:

आजमगढ़ में युवा नीति संवाद का आयोजन, 500 से अधिक युवाओं ने रोजगार, कौशल विकास और युवा आयोग पर रखे सुझाव

आजमगढ़ 31 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनकी आकांक्षाओं को नीति निर्माण का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से आजमगढ़ में उत्तर प्रदेश युवा नीति संवाद 2026 के तीसरे अध्याय का आयोजन किया गया। हाउस ऑफ पॉलिटिकल एंपावरमेंट रिसर्च एंड इनोवेशन फाउंडेशन (होप) की पहल पर डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले और आसपास के क्षेत्रों के 500 से अधिक युवाओं ने भागीदारी की। इस दौरान मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, प्रस्तावित उत्तर प्रदेश राज्य युवा आयोग, शिक्षा, रोजगार, खेल, कौशल विकास, तकनीक और अपराध मुक्त वातावरण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। ग्रामीण युवाओं ने खेल मैदान, कौशल विकास और रोजगार केंद्रों का दायरा बढ़ाने के सुझाव भी रखे।

युवाओं की आकांक्षाओं को नीतियों से जोड़ने पर जोर

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश का भविष्य उसकी युवा पीढ़ी के सपनों और उन्हें साकार करने के लिए उपलब्ध अवसरों से तय होना चाहिए। युवा केवल रोजगार की तलाश करने वाली आबादी नहीं, बल्कि रोजगार सृजन, नवाचार, खेल, तकनीक और सामाजिक बदलाव की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं को इसी शक्ति के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से चल रही योजनाओं और नीतियों को लेकर अब ग्रामीण स्तर पर भी संवाद का दायरा बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से लेकर प्रस्तावित उत्तर प्रदेश राज्य युवा आयोग तक की पहलों को युवाओं की आकांक्षाओं और समस्याओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की प्रगति के लिए युवाओं को अवसर देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है।

होप के संस्थापक और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. दिग्विजय सिंह ने युवाओं से प्रदेश और राष्ट्र के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने सरकारी योजनाओं के प्रति युवाओं के संतोष की सराहना करते हुए कहा कि युवा राज्य और राष्ट्र की असीम शक्ति हैं।

आजमगढ़ को विश्वविद्यालय देना योगी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि।रवि प्रताप सिंह

सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन, आजमगढ़ के उपाध्यक्ष रवि प्रताप सिंह ने युवाओं को सोशल मीडिया के सकारात्मक प्रयोग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से युवाओं को मिल रहे लाभों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में समाज के विभिन्न वर्गों के लिए जनकल्याणकारी नीतियों को जमीन पर उतारने का प्रयास व्यापक स्तर पर हो रहा है। उन्होंने महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण को योगी सरकार की सबसे बड़ी देन बताया।

सरकार की 3डी सोच को मिला है समर्थन। शशांक सिंह

युवा शशांक सिंह ने कहा कि युवा देश की ऊर्जा और उसकी सबसे बड़ी पूंजी हैं। योगी सरकार के कार्यकाल में खेलों को प्रोत्साहन मिला है और इस दिशा में आगे भी प्रयास होने चाहिए। युवाओं को सही दिशा में लाने के लिए संवाद, अनुशासन और सही नीति बनाना अत्यंत आवश्यक है।

युवा आयोग पर चर्चा नए परिवर्तन का संकेत।नीरज द्विवेदी

एडवोकेट नीरज द्विवेदी ने प्रस्तावित युवा आयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों को सुनने और उनके समाधान की दिशा में ऐसे मंच महत्वपूर्ण हो सकते हैं। उन्होंने युवाओं से इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों का सदुपयोग करने की अपील की, ताकि तकनीक उनके ज्ञान, कौशल और करियर को आगे बढ़ाने का साधन बन सके।

मिशन शक्ति ने बदला महिलाओं का भविष्य: डॉ. पूनम

डॉ. पूनम ने कहा कि मिशन शक्ति ने महिलाओं के भविष्य को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में माफिया और अपराध के विरुद्ध कार्रवाई को शासन की प्रमुख प्राथमिकता बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण और कानून का राज ऐसा वातावरण तैयार करता है, जिसमें युवा शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य को लेकर अधिक भरोसे के साथ आगे बढ़ सकते हैं।

युवा नीति में युवाओं की जरूरतों को मिले प्राथमिकता।डॉ. दिग्विजय सिंह

होप संस्था के संस्थापक डॉ. दिग्विजय सिंह ने कहा कि युवा नीति का निर्माण युवाओं की दृष्टि और उनकी जरूरतों को केंद्र में रखकर होना चाहिए। उनकी संस्था ग्रामीण युवाओं की समस्याओं, विचारों और अपेक्षाओं को सामने लाने के लिए उत्तर प्रदेश के हर जिले में कार्यक्रम और संवाद आयोजित करेगी। इन संवादों का उद्देश्य युवाओं की वास्तविक जरूरतों को समझना और उनकी बात शासन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में युवा भागीदारी महत्वपूर्ण है। युवाओं की आकांक्षाओं को विकास की दिशा से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी अपनी जरूरतों और समस्याओं को खुलकर सामने रखा। छात्र हरिओम प्रताप सिंह ने प्रस्तावित युवा आयोग की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों को सुनने और उनके समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने आजमगढ़ में अपराध मुक्त माहौल का उल्लेख करते हुए सुरक्षित वातावरण को युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

वहीं, साक्षी ने महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय को महत्वपूर्ण कदम बताते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी निवेश को प्राथमिकता देने का सुझाव दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल युवाओं ने ऐसे संवादों के नियमित आयोजन का समर्थन किया, ताकि युवा अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकें। युवाओं ने प्रदेश की प्रगति और विकास के लिए सरकार की विभिन्न नीतियों एवं कार्यक्रमों के प्रति समर्थन जताया।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई