मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की चतुर्थ बैठक सम्पन्न!

SHARE:

मण्डलायुक्त ने ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए….

आजमगढ़, 22 दिसम्बर। मण्डलायुक्त श्री विवेक की अध्यक्षता में सोमवार को मण्डलायुक्त सभागार में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की चतुर्थ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।मण्डलायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर हो रहे हादसों को गंभीरता से लेते हुए एनएचएआई को हाईवे पर सभी अवैध कटों को शीघ्र बंद कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने, दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता के लिए एम्बुलेंस व क्रेन की समुचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा।

उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 में आयोजित होने वाले सड़क सुरक्षा माह को सभी स्टेकहोल्डर विभागों द्वारा पूर्ण मनोयोग से मनाया जाए। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आमजन को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करने, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के प्रयोग के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया। मण्डलायुक्त ने ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए नियमित चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ठंड व कोहरे के मौसम को देखते हुए वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर लगाने पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से स्कूली वाहनों की नियमित चेकिंग कराने और मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक श्री सुनील कुमार सिंह ने ब्लैक स्पॉट के पास एम्बुलेंस तैनात रखने एवं कटर मशीन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत कार्य किया जा सके।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आजमगढ़ श्री रविन्द्र कुमार, जिलाधिकारी मऊ श्री प्रवीण मिश्रा, जिलाधिकारी बलिया श्री मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक मऊ श्री इला मारन, पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आजमगढ़ श्री चिराग जैन, मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़/मऊ/बलिया, सम्भागीय परिवहन अधिकारी, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, यूपीडा, मोटर यूनियन के प्रतिनिधि सहित मण्डल के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई