सड़क पर चढ़ा सुरूर तो जेल होगी जरूर ‘आपरेशन सड़क पर सुरूर’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 112 नशेबाज हिरासत में!

SHARE:

फूलपुर कोतवाली थाना पुलिस की ‘आपरेशन सड़क पर सुरूर’ को लेकर कार्यवाही से नशेड़ियों में मचा हड़कंप…

आजमगढ़। जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक स्थलों पर नशेबाजी पर रोक लगाने के उद्देश्य से आजमगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘आपरेशन सड़क पर सुरूर’ अभियान के तहत 28 दिसंबर 2025 को बड़ी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब व अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर अराजकता फैलाने वाले कुल 112 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। इन सभी के विरुद्ध धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने खुलेआम नशेबाजी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शासन की मंशा के अनुरूप मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के अंतर्गत यह अभियान लगातार पूरे जनपद में चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर/ग्रामीण) एवं समस्त क्षेत्राधिकारियों के निकट पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी व थानाध्यक्षों को नशेड़ी, शराबी एवं मादक पदार्थों का सेवन करने वाले अभ्यस्त व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, नशेबाजी के संदिग्ध स्थलों (हॉट स्पॉट) का चिन्हीकरण कर प्रभावी एवं विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आजमगढ़ पुलिस का कहना है कि यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के दुष्परिणामों को लेकर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। नशे से होने वाली आर्थिक, शारीरिक और सामाजिक हानियों, परिवार पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में समझाते हुए लोगों को भविष्य में मादक पदार्थों का सेवन न करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य नशे के कारण परिवारों को बिखरने से बचाना, युवा पीढ़ी को इस ज़हर से दूर रखना तथा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘आपरेशन सड़क पर सुरूर’ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई