सखी ब्यूटी पार्लर ने 20 बच्चियों को दिए ट्रेनिंग सर्टिफिकेट, नववर्ष पर आत्मनिर्भरता का संदेश!

SHARE:

संस्था के प्रबंधक सुरेश धारिया ने किया सम्बोधित…..

आजमगढ़। फूलपुर कस्बा स्थित सखी ब्यूटी पार्लर, गल्ला मंडी में नववर्ष के अवसर पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था की स्थापना के सात वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी 20 बच्चियों को सर्टिफिकेट और मार्कशीट प्रदान की गई। इस मौके पर बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सखी ब्यूटी पार्लर के व्यवस्थापक सुरेश धारिया ने कहा कि सखी ब्यूटी पार्लर केवल प्रशिक्षण केंद्र नहीं, बल्कि एक परिवार है। यहां आने वाली हर बच्ची उनकी अपनी पुत्री के समान है। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य सिर्फ हुनर सिखाना नहीं, बल्कि बच्चियों को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ी होकर समाज में सम्मानजनक स्थान बना सकें।

उन्होंने कहा कि जब ये बच्चियां खुद का ब्यूटी पार्लर खोलकर स्वरोजगार से जुड़ेंगी, तभी संस्था का उद्देश्य पूर्ण होगा। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित बच्चियों के चेहरों पर आत्मविश्वास और खुशी साफ दिखाई दी। वहीं, उपस्थित अभिभावकों ने भी सखी ब्यूटी पार्लर की इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। नववर्ष पर सखी ब्यूटी पार्लर द्वारा उठाया गया यह प्रयास न केवल बच्चियों के सपनों को नई उड़ान देने वाला साबित हुआ, बल्कि समाज में आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण का सकारात्मक संदेश भी दे गया।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई