फूलपुर में शादीशुदा महिला से छेड़खानी का आरोप, पुलिस सीसीटीवी के सहारे आरोपियों की तलाश में जुटी!

SHARE:

आरोपियों के पहचान कर धड़ पकड़ के लिए पुलिस सक्रिय…..

आजमगढ़। जिले के थाना फूलपुर क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला के साथ छेड़खानी का मामला सामने आने से इलाके में आक्रोश का माहौल है। कस्बा फूलपुर निवासी अदीबा (काल्पनिक नाम) उम्र लगभग 30 वर्ष ने सोनकर बस्ती के    तीन अज्ञात युवकों पर छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाते हुए फूलपुर कोतवाली में तहरीर दी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार बीते 14 जनवरी को वह अपनी भतीजी के साथ फूलपुर बाजार खरीदारी करने गई थी। शाम करीब 3:30 बजे बाजार से वापस लौटते समय जब वह शंकर जी तिराहे से कुछ दूरी पहले पहुंची, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां आए। आरोप है कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक ने महिला के साथ अशोभनीय हरकत की। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गई और शोर मचाने लगी, लेकिन इससे पहले कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तीनों युवक मोटरसाइकिल से सोनकर बस्ती की ओर फरार हो गए।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों के नाम-पते से परिचित नहीं है, लेकिन सामने आने पर उनकी पहचान कर सकती है। घटना के बाद से पीड़िता मानसिक रूप से आहत है और उसने पुलिस से सुरक्षा व न्याय की गुहार लगाई है।

मामले की सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास और शंकर जी तिराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्ध युवकों की पहचान की गई है और उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि- मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। पर्याप्त साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई