best news portal development company in india

तौहीद गैस एजेंसी सील से :13 हजार उपभोक्ता परेशान, प्रशासन ने शुरू की वैकल्पिक व्यवस्था!

SHARE:

परेशान उपभोक्ताओं को राहत मिलने की संभावना….

सगड़ी/आजमगढ़, 23 मार्च 2026। सगड़ी तहसील क्षेत्र के बनकट स्थित तौहीद इंडेन गैस एजेंसी को अनियमितताओं के चलते सील किए जाने के बाद क्षेत्र के करीब 13,126 उपभोक्ताओं के सामने गैस संकट खड़ा हो गया है। बीते 16 मार्च को बिना ओटीपी 642 गैस सिलेंडरों के वितरण और गोदाम से सिलेंडर गायब पाए जाने के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एजेंसी को सीज कर दिया और संबंधित संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी।

एजेंसी बंद होने के बाद उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पा रही है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी पर कोई सूचना काउंटर नहीं लगाया गया है और फोन कॉल का भी जवाब नहीं मिल रहा है। गैस के अभाव में कई घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि उनके गैस कनेक्शन को किसी अन्य एजेंसी से जोड़कर जल्द आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में जिला प्रशासन को पत्र भी भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो पाई थी, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

प्योर लीफ़ समाचार पत्र - ZFM TIMES - का ई पेपर
प्योर लीफ़ समाचार पत्र – ZFM TIMES – का ई पेपर

हालांकि, प्रशासन ने अब इस समस्या के समाधान की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार तौहीद इंडेन गैस एजेंसी से जुड़े सभी उपभोक्ताओं को अब निकटवर्ती सफर ताज इंडेन गैस एजेंसी, अल्लीपुर (अजमतगढ़) से गैस रिफिल उपलब्ध कराई जा रही है। लगभग 750 ऑनलाइन बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को वहां से सिलेंडर वितरण भी शुरू कर दिया गया है।

प्रशासन द्वारा उपभोक्ताओं को बल्क मैसेज और ऑटोमेटेड कॉल के माध्यम से नई व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है। साथ ही एजेंसी परिसर में बैनर लगाकर भी सूचना प्रसारित की जा रही है। ई-केवाईसी, मोबाइल नंबर अपडेट और अन्य सेवाएं पुरानी एजेंसी के शोरूम से ही संचालित की जा रही हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अनियमितता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, उपजिलाधिकारी सगड़ी ने आश्वासन दिया है कि एक-दो दिनों में व्यवस्था पूरी तरह सुचारु कर दी जाएगी। फिलहाल, वैकल्पिक व्यवस्था शुरू होने के बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ता अब भी असुविधा का सामना कर रहे हैं और पूरी व्यवस्था के पटरी पर लौटने का इंतजार कर रहे हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा मे० तौहीद इण्डेन ग्रामीण वितरक बनकट से सम्बद्ध समस्त उपभोक्ताओं को सूचित किया जाता है कि गैस सिलेण्डर रिफिल सफर ताज इण्डेन गैस एजेन्सी, ग्राम अल्लीपुर, विकास खण्ड अजमतगढ़, तहसील सगड़ी आजमगढ़ (तहसील सगड़ी के सामने) (मो0नं0 9621309595) से प्राप्त करने का कष्ट करें। उक्त एजेंसी से जुड़े उपभोक्ता स्थानीय स्तर पर तहसील सगड़ी के पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार शर्मा, (मो0नं0 8600007680) तथा इण्डेन गैस के सेल्स ऑफिसर प्रिंस प्रभात (मो0नं0 7225900231) से भी सम्पर्क कर सकते है।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment