best news portal development company in india

स्मार्ट मीटर के विरोध में भीम आर्मी का प्रदर्शन, सात सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन!

SHARE:

भारी संख्या में पहुँचे भीम आर्मी के साथ विद्युत समस्या से प्रताड़ित लोग……

आजमगढ़। जिले के फूलपुर क्षेत्र में बुधवार को आजाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) के कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर और बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष धर्मवीर भारती के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में दर्जनों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने रैली निकालते हुए विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और अंत में विद्युत वितरण उपखंड, फूलपुर पहुंचकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

👉 रैली की शुरुआत ताहिर मेमोरियल हॉस्पिटल, फरहान कॉलोनी के पास से हुई, जो थाना कोतवाली, तहसील परिसर, मेहुल मोड़ और खुरासन मोड़ होते हुए विद्युत उपखंड कार्यालय तक पहुंची। इस दौरान धर्मवीर भारती, अब्दुल्ला खान और मुलायम सिंह यादव समेत कई पदाधिकारियों ने नेतृत्व किया। कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए जमकर नारेबाजी की।

विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय पहुंचने पर अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने एसडीओ भूप सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सात प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाया गया, जिनमें जबरन लगाए जा रहे प्रीपेड स्मार्ट मीटरों पर रोक लगाने, पुराने मीटरों को बहाल रखने और उपभोक्ताओं की सहमति के बिना मीटर न लगाए जाने की मांग शामिल है।

👉 प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सुदनीपुर विद्युत उपकेंद्र से सरायमीर उपकेंद्र को जोड़ने का कार्य जनविरोध के बावजूद जारी है, जिससे क्षेत्र में ओवरलोडिंग की समस्या और बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि पहले ही सुदनीपुर उपकेंद्र पर अधिक लोड के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, ऐसे में नई लाइन जोड़ना स्थानीय उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनेगा। इस संबंध में पहले भी अधिकारियों को ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

👉 प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाने से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कई परिवार रिचार्ज न करा पाने की स्थिति में अंधेरे में रहने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को डराकर और दबाव बनाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह जनविरोधी कदम है। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि फूलपुर तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर बिजली तारों को बदला जाए और नए पोल लगाए जाएं, ताकि विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से हो सके।

इस मौके पर एसडीओ भूप सिंह ने बताया कि उन्हें सामूहिक रूप से ज्ञापन प्राप्त हुआ है, जिसे अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि उपभोक्ताओं की बिजली बिल और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए विभाग स्तर पर हर संभव प्रयास किया जाएगा।

👉 धरना-प्रदर्शन में रोहित कुमार, अबुजर मुख्तार, चंद्रेश, संजय कुमार, अनिल, सुभाष, सनी कुमार, धर्मेंद्र राव, अमित कुमार, अंकित कुमार, विक्की बौद्ध, अफरोज, सलीम, हंसराव, मेहताब, दानशील, बहादुर, विवेक कुमार, राघव अमित यादव, राजेंद्र कुमार रंजीत, रिंकू गौतम, रोशन, धर्म सिंह, धीरज, संतोष समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

MANOJ GUPTA
Author: MANOJ GUPTA

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई