ट्रक के ब्रेक फेल होने से टक्कर पर टक्कर हादसा हो गया भीषण…..
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। हादसा ड्रमडगंज थाना क्षेत्र में मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात करीब साढ़े 9 बजे हुआ, जब मध्य प्रदेश से चना लादकर आ रहा एक ट्रक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया।बताया जा रहा है कि बेकाबू ट्रक ने पहले एक स्विफ्ट कार को टक्कर मारी और फिर आगे चल रहे दूसरे ट्रक से जा भिड़ा। इस दौरान कार दोनों ट्रकों के बीच फंस गई। इसी बीच पीछे से आ रही बोलेरो भी ट्रक से टकरा गई, जिससे उसमें आग लग गई।

हादसे में बोलेरो सवार 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इसके अलावा स्विफ्ट कार चालक, ट्रक चालक और क्लीनर की भी जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के अनुसार बोलेरो में सवार सभी लोग प्रयागराज के मांडा क्षेत्र के हाटा गांव के निवासी थे और मैहर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि बोलेरो में फंसे लोगों को बचाया नहीं जा सका।
मौके पर पुलिस अधिकारी और कई थानों की फोर्स मौजूद रही। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस शवों की शिनाख्त में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।









