352 खोए हुए बरामद मोबाइल का दाम लगभग 88 लाख….
आजमगढ़, 03 मई 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अप्रैल 2026 में कुल 352 एंड्रॉयड मोबाइल फोन (करीब 88 लाख रुपये मूल्य) बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंप दिए।

रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए। लंबे समय से अपने खोए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों के चेहरों पर फोन वापस मिलने से खुशी साफ झलक रही थी।

पुलिस के अनुसार, गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी के लिए फरवरी 2024 से विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें नागरिक CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हैं। इसी पोर्टल के माध्यम से मोबाइल की ट्रैकिंग और बरामदगी की जाती है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2026 में अब तक 959 मोबाइल फोन (करीब 2.39 करोड़ रुपये मूल्य) बरामद कर लौटाए जा चुके हैं। वहीं, पिछले 27 महीनों में आजमगढ़ पुलिस ने कुल 4172 मोबाइल फोन (करीब 10.28 करोड़ रुपये मूल्य) बरामद कर लोगों को सुपुर्द किए हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

जनपद के विभिन्न थानों की बात करें तो मोबाइल बरामदगी में महराजगंज थाना सबसे आगे रहा, जहां से 45 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा मुबारकपुर, रौनापार, सरायमीर, निजामाबाद, जहानागंज सहित अन्य थानों ने भी उल्लेखनीय कार्य किया है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि जल्द से जल्द बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।









