प्रशासन का लक्ष्य परीक्षा हो नकलविहीन……
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा 09 एवं 10 मई 2026 को आयोजित होने वाली प्रवक्ता परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गम्भीर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी 14 परीक्षा केन्द्रों के केन्द्र व्यवस्थापक, प्रबंधक, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।
बैठक में प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से परीक्षा संचालन प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंधन, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 22,899 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7:15 बजे से शुरू होकर 8:45 बजे तक पूरा कर लिया जाएगा। दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें प्रवेश प्रक्रिया 12:15 बजे से शुरू होकर 1:45 बजे तक चलेगी।
अपर जिलाधिकारी गम्भीर सिंह ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा से जुड़े सभी कार्मिक निर्देश पुस्तिका में दिए गए नियमों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि नकल या किसी भी प्रकार की अनियमितता में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में अधिकारियों को आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए।









