विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया…..
आजमगढ़, 07 मई 2026। जनपद के अटल आवासीय विद्यालय गंभीरवन के मेधावी छात्र-छात्राओं ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश स्तर पर आजमगढ़ का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि सफलता निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच का परिणाम होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि ईमानदारी और कठिन परिश्रम से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
विद्यालय के छात्र संगम यादव ने सीबीएसई बोर्ड कक्षा-10 परीक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश के सभी 18 अटल आवासीय विद्यालयों में छात्र एवं छात्रा वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं ओम कुमार ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा अंशिका यादव ने 94.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर छात्रा वर्ग में द्वितीय तथा प्रदेश स्तर पर सातवां स्थान प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों की सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि शंकर प्रसाद एवं शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार, सह नोडल अधिकारी अटल आवासीय विद्यालय गंभीरवन सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।









