आजमगढ़, 12 मई 2026। थाना तरवां पुलिस ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि मौके से चोरी का ट्रैक्टर, पिकअप वाहन, अवैध तमंचा, अनाज और नकदी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम मौलानीपुर निवासी पूनम गिरी पत्नी सुरेन्द्र गिरी ने 1 मई की रात घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में थाना तरवां पर मुकदमा संख्या 82/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
मंगलवार देर रात थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, चौकी प्रभारी रासेपुर उपनिरीक्षक रूपेश कुमार सिंह और चौकी प्रभारी बोगरिया उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर और पिकअप लेकर कुछ बदमाश कंचनपुर-बोगरिया मार्ग से गुजरने वाले हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं।
सूचना पर पुलिस ने बांसगांव तिराहे पर घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद एक पिकअप और ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर पिकअप चालक भागने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं ट्रैक्टर चालक भागते समय पुलिस पर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान विनोद उर्फ सिंटू (26 वर्ष) निवासी मीरपुर थाना बहरियाबाद जनपद गाजीपुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, कारतूस और चोरी का ट्रैक्टर बरामद हुआ। वहीं दूसरे आरोपी अमित कुमार उर्फ धासू (20 वर्ष) निवासी बारोडीह थाना भुड़कुड़ा जनपद गाजीपुर के पास से एक पिकअप वाहन, छह बोरी अनाज और 4500 रुपये नकद बरामद किए गए।
घायल आरोपी को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तरवां भेजा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तरवां में मुकदमा संख्या 92/2026 धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/5/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो योजनाबद्ध तरीके से ट्रैक्टर, पिकअप और दुकानों से सामान चोरी करता था। आरोपियों ने मौलानीपुर से ट्रैक्टर चोरी करने, देवगांव क्षेत्र से गेहूं लदा वाहन चोरी करने और पल्हना बाजार में दुकान से सामान चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है।








