10 अध्यापकों को वेतन भुगतान किए जाने संबंधी प्रकरण की जांच के बाद हुई थी FIR…..
आजमगढ़। अवैध रूप से नियुक्त 10 अध्यापकों को लाखों रुपये का वेतन भुगतान किए जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में ₹51.46 लाख के अनियमित भुगतान का खुलासा हुआ है। आरोपी को बुधवार सुबह कुँवर सिंह उद्यान से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
मामले में उप निदेशक समाज कल्याण, आजमगढ़ मंडल आर.के. चौरसिया की ओर से कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में कहा गया था कि अवैध रूप से नियुक्त 10 अध्यापकों को वेतन भुगतान किए जाने संबंधी प्रकरण की जांच जनपद स्तरीय समिति से कराई गई। जांच में पाया गया कि कुल ₹51,46,780 का भुगतान अनियमित तरीके से किया गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं आहरण-वितरण अधिकारी राजेश चौधरी तथा प्रधान सहायक सत्येन्द्र बहादुर सिंह के खिलाफ कोतवाली थाना में 9 मई 2026 को मुकदमा संख्या 211/2026 धारा 61(2)/316(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार बुधवार को प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी राजेश चौधरी (55 वर्ष) पुत्र स्व. रामनिहाल निवासी महमदपुर हमजा थाना जलालपुर जनपद अम्बेडकरनगर, हाल पता जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय आजमगढ़ को कुँवर सिंह उद्यान से सुबह करीब 7:20 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक रफी आलम, उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका तिवारी, हेड कांस्टेबल अभय कुमार सिंह, कांस्टेबल सुमित कुमार एवं सत्येन्द्र पाठक शामिल रहे।









