
हत्या के बाद घर के पीछे दफनाया शव, 24 घंटे बाद खुलासे से इलाके में सन^सनी
जमुई, बिहार से मो० आसिफ अनवर की रिपोर्ट
जमुई जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत काला गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। शादी के बाद पिछले आठ वर्षों से ससुराल में रह रहे दामाद जितेन्द्र पंडित की कथित तौर पर हत्या कर शव को घर के पीछे दफना दिया गया। घटना का खुलासा लगभग 24 घंटे बाद होने पर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, जितेन्द्र पंडित अपनी पत्नी और ससुराल वालों के साथ काला गांव में रह रहा था। बताया जाता है कि पारिवारिक विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को घर के पीछे गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। मामले की भनक लगते ही ग्रामीणों में सनसनी फैल गई और सूचना पुलिस तक पहुंची।
सूचना मिलते ही मोहनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की सास पागो देवी, जेठ साली सुनीता देवी, पत्नी सजनी देवी तथा छोटे साले की पत्नी कंचन देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सतीश सुमन स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच का जायजा लिया। वहीं बीडीओ प्रेम प्रकाश भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है तथा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे रहे।
इस हत्याकांड ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों के भीतर पनप रहे विवादों और अपराध की भयावह तस्वीर को सामने ला दिया है।








