वाराणसी से खलीलाबाद जा रही कार सड़क किनारे पड़ी गिट्टी से अनियंत्रित हुई, जिला अस्पताल रेफर
आजमगढ़:जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। वाराणसी से खलीलाबाद जा रही एक कार रानीपुर रजमो (बिंद्रा बाजार) के पास सड़क किनारे पड़ी गिट्टी के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे कार गंभीरपुर क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कार सवार शिव (23), जैनब खान (40) और महेश (33) घायल हो गए। सभी वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदपुर ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।








