जमीन के बंटवारे ने छीनी भाई की जान: बड़े भाई ने डंडे से पीटकर की हत्या, 24 घंटे में गिरफ्तार
आजमगढ़। जनपद के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव में जमीन बंटवारे के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आपसी कहासुनी और मारपीट के दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को करसड़ा गांव में दो सगे भाइयों के बीच पारिवारिक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई जगदीश विश्वकर्मा ने अपने छोटे भाई ओमप्रकाश विश्वकर्मा के सिर पर डंडे से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी शांति विश्वकर्मा की तहरीर पर मेहनाजपुर थाने में मुकदमा संख्या 57/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में केस दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच शुरू की। 10 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी जगदीश विश्वकर्मा पुत्र स्वर्गीय सुखराम विश्वकर्मा को पंचायत भवन गंगवल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।








