आजमगढ़ में चक्रवाती तूफान का कहर: 40 बिजली पोल गिरे, 8000 मुर्गियों की मौत, दर्जनों गांवों की बिजली गुल
बरदह-मार्टिनगंज क्षेत्र में भारी तबाही, लाखों का नुकसान
आजमगढ़। मंगलवार रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच आए चक्रवाती तूफान ने बरदह और मार्टिनगंज क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी और हल्की बारिश के चलते बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जबकि सैकड़ों पेड़ और दर्जनों बिजली पोल धराशायी हो गए।
जानकारी के अनुसार, तूफान की तेज रफ्तार के कारण बरदह और मार्टिनगंज क्षेत्र में करीब 30 से 40 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर गए, जिससे दो से तीन दर्जन ग्राम सभाओं की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई स्थानों पर पेड़ सड़कों पर गिरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ।
सबसे अधिक नुकसान कमलपुर गांव में हुआ, जहां तीन पोल्ट्री फार्म पूरी तरह तबाह हो गए। फार्मों में मौजूद लगभग 8000 मुर्गियों के बच्चे मर गए, जिससे संचालकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इतना भयावह तूफान देखा। तूफान के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई मकानों की सीमेंट शीट व मंडई उड़कर दूर जा गिरीं।
विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी गिरीश कुमार ने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय टीमें युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। क्षतिग्रस्त पोल और तारों की मरम्मत का कार्य लगातार जारी हैं!








