मंत्री दारा सिंह चौहान की पहल पर जनहितकारी परियोजना की बढ़ी उम्मीद
आजमगढ़, 14 जून। जनपद आजमगढ़ की ऐतिहासिक पुरानी जिला कारागार की भूमि के जनहित में उपयोग का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है। प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान की पहल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भूमि के समुचित विकास के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।
लंबे समय से पुरानी जिला कारागार की भूमि के उपयोग को लेकर जनपद में चर्चा होती रही है। स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों की ओर से समय-समय पर इस महत्वपूर्ण भूमि पर जनोपयोगी परियोजनाएं विकसित किए जाने की मांग उठती रही है। लोगों का मानना रहा है कि यदि इस भूमि का सुनियोजित विकास नहीं हुआ तो भविष्य में इस पर अवैध कब्जे या भू-माफियाओं की नजर पड़ सकती है।
जनपद के मूल निवासी और प्रदेश सरकार में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए कई बार मुख्यमंत्री से चर्चा की और जनभावनाओं से अवगत कराया। बताया जाता है कि कारागार मंत्री का दायित्व संभालने के बाद से ही वह पुरानी जेल की भूमि के भविष्य को लेकर सक्रिय रहे हैं।
मुख्यमंत्री के 13 जून को आजमगढ़ दौरे के दौरान आयोजित जनसभा में दारा सिंह चौहान ने अपने संबोधन में पुरानी जेल की भूमि का मुद्दा उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इस ऐतिहासिक स्थल पर ऐसी जनहितकारी परियोजना विकसित की जाए, जो आजमगढ़ की नई पहचान बने और आने वाली पीढ़ियों के लिए उपयोगी सिद्ध हो।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि भूमि के उपयोग संबंधी विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद आवश्यक निर्णय लेते हुए परियोजना का शिलान्यास कराया जाएगा और विकास कार्य पूर्ण होने पर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जनपद में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों और आम लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आजमगढ़ के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। लोगों का मानना है कि इस भूमि पर जनोपयोगी परियोजना विकसित होने से शहर की आधारभूत सुविधाओं और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा तथा यह स्थल जनपद की नई पहचान के रूप में उभरेगा।
जनपदवासियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि यह महत्वाकांक्षी योजना जल्द ही धरातल पर उतरेगी और आजमगढ़ को विकास की एक नई सौगात मिलेगी।








