आजमगढ़: एसबीआई के सहयोग से जीजीआईसी रैदोपुर में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ, डिजिटल शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
आजमगढ़। छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के सहयोग से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने स्मार्ट क्लास का उद्घाटन कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि स्मार्ट क्लास का उपयोग केवल कुछ कक्षाओं तक सीमित न रहे, बल्कि कक्षा 1 से 12 तक के सभी छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए उन्होंने कक्षावार और दिनवार समय-सारिणी तैयार कर नियमित संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। स्मार्ट क्लास के जरिए छात्राएं विषयों को अधिक रोचक और सरल तरीके से समझ सकेंगी, जिससे उनकी सीखने की क्षमता और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने इस पहल के लिए भारतीय स्टेट बैंक की सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व का सराहनीय उदाहरण बताया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूबी खातून ने बताया कि विद्यालय में यह छठी स्मार्ट क्लास स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में कुल 12 स्मार्ट क्लास स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि विद्यालय की सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में एसबीआई के महाप्रबंधक नेटवर्क-3 कौशलेन्द्र कुमार, उप महाप्रबंधक वाराणसी अंचल आनन्द कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह पहल जिले में डिजिटल शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।








