आजमगढ़ जेल ब्रेक केस: 10 साल बाद STF के शिकंजे में आए ₹1-1 लाख के दो इनामी, तीसरे की तलाश जारी
आजमगढ़। वर्ष 2016 के चर्चित आजमगढ़ जेल ब्रेक मामले में उत्तर प्रदेश एसटीएफ और सिधारी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब 10 वर्षों से फरार चल रहे ₹1-1 लाख के दो इनामी आरोपियों को संयुक्त अभियान के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चन्द्रशेखर उर्फ शेखर और प्रकाश मुसहर के रूप में हुई है। दोनों पर शासन द्वारा एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त 2016 को जिला कारागार आजमगढ़ से तीन विचाराधीन बंदी फरार हो गए थे। इस घटना के बाद थाना सिधारी में मुकदमा संख्या 157/2016 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 223 और 224 में मामला दर्ज किया गया था। जेल से फरार होने के बाद तीनों आरोपी लगातार पुलिस और प्रशासन की पकड़ से दूर बने हुए थे, जिसके चलते शासन ने उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया था।
एसटीएफ लखनऊ और थाना सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम ने 17 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चन्द्रशेखर उर्फ शेखर (37 वर्ष) वाराणसी जनपद के लस्करपुर का निवासी है, जबकि वर्तमान में वह गाजीपुर के गहमर क्षेत्र में रह रहा था। वहीं प्रकाश मुसहर (52 वर्ष) गाजीपुर जनपद के मरदह थाना क्षेत्र के दुर्खुसी गांव का निवासी है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि जेल से फरार होने के बाद वे पंजाब चले गए थे। वहां उन्होंने खेती और मजदूरी का काम करते हुए अपनी पहचान छिपा ली थी। लंबे समय तक अलग-अलग स्थानों पर रहकर वे पुलिस की निगाहों से बचते रहे। बताया जा रहा है कि दोनों किसी काम से गाजीपुर जाने के लिए आजमगढ़ पहुंचे थे, तभी पहले से सक्रिय एसटीएफ और स्थानीय पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में एसटीएफ लखनऊ के निरीक्षक आशुतोष कुमार त्रिपाठी, निरीक्षक ओम शंकर शुक्ला, मुख्य आरक्षी दिलीप कुमार, मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह तथा थाना सिधारी के निरीक्षक शशिचन्द्र चौधरी, उपनिरीक्षक जावेद सिद्दीकी, आरक्षी गौरव जायसवाल और आरक्षी हिमांशु सिंह बघेल की प्रमुख भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जेल ब्रेक मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश अभी भी जारी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही तीसरे फरार बंदी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








