best news portal development company in india

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर बोले CM योगी: “15 दिन इंतजार कर लें, कोई दोषी नहीं बचेगा

SHARE:

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर बोले CM योगी: “15 दिन इंतजार कर लें, कोई दोषी नहीं बचेगा

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर पहली बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुलकर बोले। अयोध्या दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित की गई है और जांच पूरी निष्पक्षता से होगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई दोषी पाया गया तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी समाचार पत्रों के माध्यम से मिली थी, जिसके बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच के आदेश दिए गए। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच टीम “दूध का दूध और पानी का पानी” कर देगी।

योगी आदित्यनाथ ने रामभक्तों से अपील करते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट आने तक किसी भी तरह की ऐसी बयानबाजी नहीं होनी चाहिए जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हों। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास मामले से जुड़े साक्ष्य हैं तो वे एसआईटी को उपलब्ध करा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रभु श्रीराम ने हमें मर्यादा का आचरण सिखाया है। हमारे पूर्वजों ने 500 वर्षों तक मर्यादित रहते हुए संघर्ष किया। इसलिए सभी लोग 15 दिन और प्रतीक्षा कर लें। अगर कोई अपराधी है तो वह चाहे कोई भी हो, बच नहीं पाएगा।”

378 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

शुक्रवार को अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने रुदौली में राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय का उद्घाटन किया। साथ ही लगभग 378 करोड़ रुपये की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने वीरांगना झलकारी बाई की 13 फीट ऊंची प्रतिमा का भी अनावरण किया।

विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अयोध्या और राम मंदिर को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग पहले अयोध्या के विकास की उपेक्षा करते रहे, वही आज सवाल उठा रहे हैं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं ने आज तक राम मंदिर के दर्शन तक नहीं किए और अपने विधायकों को भी अयोध्या आने से रोका। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में 2017 के बाद विकास और विरासत दोनों को समान महत्व दिया गया है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर भरोसा जताया है, जिसके परिणामस्वरूप नई अयोध्या और नए उत्तर प्रदेश का निर्माण हो रहा है, जहां विकास और सांस्कृतिक विरासत दोनों को सम्मान मिल रहा है।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई