आजमगढ़: शराब ठेके के पास युवक का शव मिलने से सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के पटेलनगर स्थित एक शराब ठेके के पास गुरुवार सुबह 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान साकीपुर निवासी रमाकांत तिवारी (26) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, शव के पास मिली बैंक पासबुक के आधार पर उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई।
परिजनों ने बताया कि रमाकांत बुधवार रात घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। गुरुवार सुबह उनका शव शराब ठेके के पास पड़ा मिला।
थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका है कि युवक नशे की हालत में गिर गया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। रमाकांत तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और अविवाहित थे। उनके बड़े भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं।








