अयोध्या की चिंता छोड़ें, हिम्मत है तो कृष्ण जन्मभूमि पर बोलें’— मुख्यमंत्री योगी का अखिलेश यादव पर हमला
हाथरस। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात करने वालों को पहले अपना इतिहास देखना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनकी सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलीं, कांवड़ यात्रा पर रोक लगी और कृष्ण जन्माष्टमी जैसे धार्मिक आयोजनों को भी दबाने की कोशिश की गई, वे आज अयोध्या की चिंता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रामभक्तों के परिश्रम और पुरुषार्थ से अयोध्या आज त्रेता युग की स्मृतियों को साकार कर रही है।
योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव का नाम लेते हुए कहा, “अयोध्या को रामभक्तों ने सजा और संवारा है, उसकी चिंता मत कीजिए। यदि पश्चाताप करना है तो एक बार रामलला के दर्शन कर लीजिए, शायद सद्बुद्धि आ जाए।”
उन्होंने आगे कहा कि यदि वास्तव में खुद को धार्मिक बताने का प्रयास कर रहे हैं, तो श्री कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी खुलकर अपनी राय रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि “अयोध्या की चिंता छोड़ें, हिम्मत है तो कृष्ण जन्मभूमि पर बोलें।”
मुख्यमंत्री ने यह बयान हाथरस में सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया, जहां उन्होंने 548 करोड़ रुपये की लागत वाली 143 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।








