आजमगढ़: चकबंदी कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त, अगस्त तक लंबित कार्य पूरे करने के निर्देश
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने चकबंदी विभाग के कार्यों में तेजी लाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित चकबंदी लेखपालों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि सभी चकबंदी अधिकारी नियमित रूप से न्यायालय में बैठकर लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाएं। साथ ही, प्रक्रियाधीन चकबंदी ग्रामों से किसी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि लंबित चकबंदी कार्यों को अगस्त माह के अंत तक हर हाल में पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को गांवों का नियमित निरीक्षण करने और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी चकबंदी लेखपाल द्वारा कार्य में गड़बड़ी या लापरवाही पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान चकबंदी कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर चकबंदी अधिकारी सठियांव को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में विभिन्न तहसीलों के प्रक्रियाधीन चकबंदी ग्रामों की प्रगति, न्यायालयों में लंबित वादों के निस्तारण, आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों, मुख्यमंत्री संदर्भों तथा शासन से प्राप्त लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी एवं उपसंचालक चकबंदी संजीव ओझा, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी लालता प्रसाद अहिरवार, राम प्रवेश सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








