best news portal development company in india

मार्टीनगंज में अवैध अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो ऑपरेशन थियेटर सील, एक अस्पताल को नोटिस

SHARE:

मार्टीनगंज में अवैध अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो ऑपरेशन थियेटर सील, एक अस्पताल को नोटिस

आजमगढ़, 2 जुलाई। जनपद में अवैध एवं मानकविहीन निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मार्टीनगंज क्षेत्र में दो अस्पतालों के ऑपरेशन थियेटर सील कर दिए, जबकि एक अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित निजी अस्पतालों में हड़कंप मच गया।

जिलाधिकारी के निर्देश तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के आदेश पर डिप्टी सीएमओ एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने विकास खंड मार्टीनगंज में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कई संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं, वैध पंजीकरण का अभाव तथा योग्य चिकित्सकों की अनुपस्थिति में चिकित्सा सेवाओं का संचालन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान बसन्त हेल्थ केयर सेंटर, मार्टीनगंज में अस्पताल निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं मिला। मौके पर कोई अधिकृत चिकित्सक मौजूद नहीं था और अस्पताल केवल स्टाफ के भरोसे चलाया जा रहा था। बिना वैध अनुमति संचालित किए जा रहे ऑपरेशन थियेटर को जनहित में तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

इसी प्रकार बाबू जी उदयराज हेल्थ केयर सेंटर, मार्टीनगंज में भी कोई पंजीकृत चिकित्सक उपस्थित नहीं मिला। जांच में नियमों की अनदेखी करते हुए ऑपरेशन थियेटर संचालित किया जाना पाया गया, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे भी तत्काल सील कर दिया।

वहीं लक्ष्मी हेल्थ केयर एवं हॉस्पिटल, मुक्तिपुर बाजार के निरीक्षण में आवश्यक पंजीकरण एवं वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर अस्पताल संचालक को तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि जनपद में बिना पंजीकरण, बिना मान्यता अथवा बिना योग्य चिकित्सकों के संचालित किसी भी अस्पताल, नर्सिंग होम या क्लीनिक को किसी भी स्थिति में संचालित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

यह कार्रवाई डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी (निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान) डॉ. आलेन्द कुमार तथा वरिष्ठ सहायक धीरेन्द्र कुमार शुक्ल की टीम द्वारा संपन्न की गई।

Leave a Comment

Pelli Poola Jada
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई