आजमगढ़: रानी की सराय पुलिस की कार्रवाई, अवैध खनन में प्रयुक्त ट्रैक्टर सीज
आजमगढ़। जनपद में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रानी की सराय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मिट्टी खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर को सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर और थाना प्रभारी रानी की सराय के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मझगांव में जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान एक ट्रैक्टर को अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। पुलिस ने वाहन के चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।








