विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाला गिरफ्तार, फर्जी मालदीव वर्क परमिट बरामद
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “साइबर ठगी के जड़ में वार” के तहत साइबर सेल और सिधारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रतिबिंब पोर्टल पर संदिग्ध बैंक खातों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर यादव ढाबा के पास घेराबंदी कर अभियुक्त मुकेश यादव (29 वर्ष) निवासी हैदराबाद (छतवारा), थाना सिधारी को गिरफ्तार किया गया। वह प्लेटिना मोटरसाइकिल से हुसैनगंज की ओर जा रहा था।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह इंटरनेट से मालदीव के मूल वर्क परमिट डाउनलोड कर एडिटिंग के जरिए फर्जी वर्क परमिट तैयार करता था। इसके बाद खुद को विदेश में नौकरी और वीजा दिलाने वाला एजेंट बताकर लोगों को झांसे में लेता और व्हाट्सएप व प्रिंट कॉपी के माध्यम से फर्जी दस्तावेज भेजकर किस्तों में पैसे वसूलता था।
जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त ने अपनी भाभी के दस्तावेजों से यूनियन बैंक में खाता खुलवाया था। इसी खाते के संबंध में पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति ने ₹21 हजार की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त ने विदेश भेजने के नाम पर ₹35 हजार तय किए थे, जिनमें से ₹21 हजार पहले ही ले चुका था।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से दो फर्जी मालदीव वर्क परमिट, एक सैमसंग मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, ₹200 नकद तथा घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।








