हत्या से पहले सिया और चेतन ने रचाई थी गुप्त शादी, जांच में बड़ा खुलासा
मुंबई/पुणे। रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक अहम सुराग मिला है। जांच के दौरान सामने आया है कि मुख्य आरोपित सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी से केतन अग्रवाल की हत्या से करीब चार महीने पहले ही गुप्त रूप से शादी कर ली थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।
पुलिस के अनुसार, यह जानकारी आरोपितों के डिजिटल रिकॉर्ड की फोरेंसिक जांच के दौरान सामने आई। जांच टीम ने पिछले छह से सात महीनों के व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल, लोकेशन हिस्ट्री और इंटरनेट सर्च गतिविधियों का विश्लेषण किया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कथित विवाह उसी समय हुआ, जब 19 फरवरी को सिया गोयल की केतन अग्रवाल से सगाई हुई थी। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि शादी सगाई से पहले हुई थी या बाद में। पुलिस इस संबंध में दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है।
गौरतलब है कि 18 जून को केतन अग्रवाल की लोहागढ़ किले से गिरने के बाद मौत हो गई थी। पुलिस का आरोप है कि उन्हें सुनियोजित तरीके से चट्टान से धक्का देकर हत्या की गई। इस मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया जा चुका है और दोनों फिलहाल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हैं।
जांच एजेंसियां कथित विवाह प्रमाणपत्र हासिल करने का प्रयास कर रही हैं। वहीं, सूत्रों के अनुसार सिया के कॉलेज के दो मित्र इस कथित विवाह के गवाह बताए जा रहे हैं। तकनीकी विशेषज्ञ एक निजी इंस्टाग्राम अकाउंट से हटाई गई तस्वीरों को भी रिकवर करने में जुटे हैं, जिनसे विवाह की पुष्टि होने की संभावना है।
पुलिस का दावा है कि आरोपितों ने इंटरनेट पर हत्या की जांच, अपराध से जुड़े मामलों, वेब सीरीज, पॉडकास्ट और वीडियो का अध्ययन किया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि हथियार का इस्तेमाल न कर घटना को दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से केतन अग्रवाल को चट्टान से धक्का देने की योजना बनाई गई थी।
फिलहाल पुलिस डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को अदालत के समक्ष प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।








